हम देश में बदलाव चाहते हैं : थरूर
विवाद खड़ा होने के बाद दो दिनों तक ट्वीट न करने वाले थरूर ने शुक्रवार रात इस वेबसाइट पर टिप्पणी की। उन्होंने अपनी ताजा टिप्पणी में कहा, "मुझे सहयोग और शुभकामनाएं देने वालों को धन्यवाद। आप लोग नवीन भारत हैं। हम लोग ही 'परिवर्तन' लाएंगे। हम परिवर्तन देखना चाहते हैं। परंतु यह पीड़ारहित नहीं हो सकता।"
उन्होंने कहा, "ट्विटर पर लंबी खामोशी के लिए खेद प्रकट करता हूं। मैं अभिभूत हूं। मैं इस (विवाद) बारे में संसद में अपनी राय रख चुका हूं।" विवाद में घिरने के बाद थरूर ने आखिरी बार 14 अप्रैल की सुबह में ट्विटर पर टिप्पणी की थी। वैसे वह अक्सर ट्वीट करने की वजह से विवादों में घिरते रहे हैं।
आईपीएल से जुड़ा यह पूरा विवाद पिछले दिनों उस समय खड़ा हुआ था जब आईपीएल कमिश्नर मोदी ने कोच्चि फ्रेंचाइजी के सभी मालिकों के नाम ट्विटर पर सार्वजनिक कर दिए थे। इसमें एक नाम सुनंदा पुष्कर का भी था और इसी वजह से थरूर भी विवादों में आ गए। उल्लेखनीय है कि सुनंदा, थरूर की करीबी दोस्त हैं और इसे वह खुद स्वीकार कर चुके हैं।
आरोप यह भी लगा कि कोच्चि टीम की फ्रेंचाइजी रेंदेवू स्पोर्ट्स को दिलाने में थरूर ने अपने रसूख का इस्तेमाल किया और इस बारे में उन्होंने मोदी को फोन भी किया था। थरूर ने इन बातों को सिरे से खारिज कर दिया और सीधे मोदी को कटघरे में खड़ा कर दिया। उन्होंने कहा कि मोदी कोच्चि फ्रेंचाइजी को स्वीकृति नहीं देना चाहते थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications