ट्विटर पर आए थरूर, पर मोदी नदारद
रोजाना कई बार ट्वीट करने वाले ये दोनों व्यक्ति इन दिनों ट्विटर पर टिप्पणी करने से परहेज कर रहे थे। दो दिनों तक ट्वीट न करने वाले थरूर ने शुक्रवार रात इस वेबसाइट पर अपनी टिप्पणी में कहा, "मुझे सहयोग और शुभकामनाएं देने वालों को धन्यवाद।" विवाद में घिरने के बाद थरूर ने आखिरी बार 14 अप्रैल की सुबह ट्विटर पर टिप्पणी की थी। वैसे वह अक्सर ट्वीट करने की वजह से विवादों से घिरते रहे हैं।
दूसरी ओर मोदी आईपीएल के तीसरे संस्करण की व्यस्तता के बीच रोजाना ट्वीट करते थे पंरतु थरूर के साथ विवाद में घिरने के बाद से वह ऐसा नहीं कर रहे। मोदी ने अपना आखिरी ट्वीट 12 अप्रैल की शाम को किया था। उल्लेखनीय है कि मोदी और थरूर ट्विटर पर एक दूसरे के 'फॉलोवर' हैं।
दोनों के बीच का यह विवाद पिछले दिनों उस समय खड़ा हुआ जब आईपीएल कमिश्नर मोदी ने कोच्चि फ्रेंचाइजी के सभी मालिकों के नाम ट्विटर पर सार्वजनिक कर दिए। इसमें एक नाम सुनंदा पुष्कर का भी था और इसी वजह से थरूर भी विवादों में आ गए। उल्लेखनीय है कि सुनंदा थरूर की करीबी दोस्त हैं और इसे वह खुद स्वीकार चुके हैं।
आरोप यह भी लगा कि कोच्चि टीम की फ्रेंचाइजी रेंदेवू स्पोर्ट्स को दिलाने में थरूर ने अपने रसूख का इस्तेमाल किया और इस बारे में उन्होंने मोदी को फोन भी किया था। थरूर ने इन बातों को सिरे से खारिज कर दिया और सीधे मोदी को कटघरे में खड़ा कर दिया। उन्होंने कहा कि मोदी कोच्चि फ्रेंचाइजी को स्वीकृति नहीं देना चाहते थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications