जांच दल पर नक्सलियों की गोलीबारी (लीड-3)
रायपुर, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में छह अप्रैल को हुए नक्सली हमले की जांच करने घटनास्थल पर जा रहे एक दल पर अर्धसैनिक बलों की वर्दी में नक्सलियों ने शनिवार को गोलीबारी की। लेकिन इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
सीमा सुरक्षा बल के पूर्व महानिदेशक ई.एन.राम मोहन के नेतृत्व वाले जांच दल पर नक्सलियों ने दूरी से कुछ गोलियां चलाईं। नक्सलियों ने चिंतलनार के जंगलों में गोलीबारी की। नक्सलियों के हमले में छह अप्रैल को जिस स्थान पर 76 सुरक्षाकर्मी शहीद हुए थे, उस स्थान से यह जगह करीब-करीब चार किलोमीटर दूर है।
गोलीबारी करने वाले नक्सली केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की वर्दी में थे और जांच दल की सुरक्षा में लगे सीआरपीएफ और राज्य पुलिस के दल पर छह राउंड गोलियां चलाई। यहां पुलिस मुख्यालय में अधिकारियों ने कहा कि गोलीबारी नक्सलियों द्वारा जांच दल के समक्ष अपनी उपस्थिति महसूस कराने की एक हताश कोशिश थी।
दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक अमरेश मिश्रा ने आईएएनएस को फोन पर बताया, "नक्सलियों ने सीमा सुरक्षा बल के पूर्व महानिदेशक ई.एन.राम मोहन के नेतृत्व वाले जांच दल पर दूरी से कुछ गोलियां चलाईं। जांच दल की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने भी जवाबी गोलीबारी की। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।"
मिश्रा ने बताया कि गोलीबारी के बाद नक्सली जंगलों में भाग गए। यह कहना मुश्किल है कि कितने नक्सली इस घटना में शामिल थे।
दंतेवाड़ा हमले की जांच करने शनिवार को बस्तर पहुंचे बीएसएफ के पूर्व प्रमुख बस्तर में तैनात पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा करके छह अप्रैल को हुई घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास करेंगे।
सूत्रों ने कहा कि जांच दल नरसंहार स्थल का मुआयना करने के बाद बस्तर क्षेत्र के मुख्यालय जगदलपुर लौट आएगा।
छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक विश्वरंजन और सीआरपीएफ के विशेष निदेशक विजय रमन भी राममोहन के साथ हैं। राममोहन को 24 अप्रैल तक जांच रिपोर्ट पूरी हो जाने की उम्मीद है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications