दिल्ली में 52 साल में सबसे गर्म दिन रहा शनिवार (लीड-1)
इसके साथ ही पिछले 52 सालों में अप्रैल महीने का शनिवार सबसे गर्म दिन के रूप में दर्ज किया गया।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सप्ताहांत में लू के थपेड़ों और गर्मी से कोई राहत न मिलने की संभावना जाहिर की है। अधिकतम तापमान 44 डिग्री के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।
आईएमडी के निदेशक बी. पी. यादव ने आईएएनएस को बताया, "राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान औसत से आठ डिग्री अधिक 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वर्ष 1958 के बाद अप्रैल महीने का सबसे गर्म शनिवार रहा।"
दिल्ली में शनिवार सुबह न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से छह डिग्री ऊपर है। राजधानी में शुक्रवार को तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
आईएमडी ने दिल्ली में अप्रैल महीने में गर्मी के इस प्रकोप के लिए पश्चिम विक्षोभ की कमी को जिम्मेदार ठहराया है।
यादव ने कहा,"राजधानी में अगर पश्चिम विक्षोभ की स्थिति में सुधार होता है तो अगले सोमवार तक तापमान में दो से तीन डिग्री की कमी आ सकती है।"
दिल्ली में लू की वजह से लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। इससे भरी दोपहरी में सड़कें सुनसान दिखाई दे रहीं हैं।
रोहिणी इलाके में रहने वाले रक्षित गुप्ता ने बताया कि तीखी धूप और गर्मी में मोटरसाइकिल चलाना एक बुरे सपने की तरह है।
तापमान में वृद्धि ने बिजली की मांग को भी बढ़ा दिया है। राजधानी के कई हिस्से के लोग बिना बिजली गर्मी झेलने को मजबूर हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications