ओबामा का भारत दौरा अगस्त या अक्टूबर में : प्रधानमंत्री (लीड-2)
प्रधानमंत्री ने पत्रकारों से चर्चा में कहा, "ओबामा अगस्त या अक्टूबर में भारत आएंगे। दौरे की तिथि को अभी अंतिम रूप दिया जाना बाकी है।"
प्रधानमंत्री अमेरिका और ब्राजील की आठ दिनों की यात्रा के बाद शनिवार को स्वदेश लौट आए।
प्रधानमंत्री ने अपनी इस यात्रा के दौरान तीन बहुपक्षीय शिखर सम्मेलनों में हिस्सा लिया और विश्व के आधा दर्जन से अधिक शीर्ष नेताओं के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी की।
मनमोहन सिंह ने ओबामा के साथ 11 अप्रैल को नागरिक परमाणु समझौते, आतंकवाद पर सहयोग और अफगानिस्तान तथा पाकिस्तान की स्थिति सहित विस्तृत मुद्दों पर चर्चा की।
ओबामा 30 वर्षो से भी अधिक अवधि के बाद अपने पहले कार्यकाल के पहले दो वर्षो के भीतर भारत आने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति होंगे। ऐसा करने वाले जिमी कार्टर अंतिम अमेरिकी राष्ट्रपति थे।
बहरहाल मनमोहन सिंह के वाशिंगटन दौरे के तुरंत बाद अमेरिका के विदेश उप मंत्री जेम्स बी.स्टीनबर्ग व्यापक द्विपक्षीय मुद्दों और बहुपक्षीय मुद्दों पर वार्ता तथा आपसी संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए अप्रैल में भारत के दौरे पर आ रहे हैं।
अमेरिकी विदेश विभाग ने गुरुवार को कहा कि स्टीनबर्ग 20-22 अप्रैल को भारत और बांग्लादेश की यात्रा करेंगे।
स्टीनबर्ग सरकारी अधिकारियों, राजनीतिक हस्तियों, व्यापारियों, सिविल सोसायटी और अन्य महत्वपूर्ण हस्तियों से दिल्ली कोलकाता और ढाका में मुलाकात करेंगे।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता फिलीप जे. क्राउली ने उनके दौरे के उद्देश्य का खुलासा नहीं किया। उल्लेखनीय है कि अमेरिका में भारत की राजदूत मीरा शंकर गुरुवार को विदेश विभाग पहुंचीं थीं।
अमेरिका के राष्ट्रपति जार्ज बुश का मार्च 2006 में भारत का दौरा किसी अमेरिकी राष्ट्राध्यक्ष का आखिरी भारत दौरा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications