जांच दल पर नक्सलियों ने गोलीबारी की (लीड-1)
दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक अमरेश मिश्रा ने आईएएनएस को फोन पर बताया, "नक्सलियों ने सीमा सुरक्षा बल के पूर्व महानिदेशक ई.एन.राम मोहन के नेतृत्व वाले जांच दल पर दूरी से कुछ गोलियां चलाईं। जांच दल की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने भी जवाबी गोलीबारी की। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।"
उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने चिंतलनार के जंगलों में गोलीबारी की। नक्सलियों के हमले में छह अप्रैल को जिस स्थान पर 76 सुरक्षाकर्मी शहीद हुए थे, उस स्थान से यह जगह करीब करीब चार किलोमीटर दूर है।
मिश्रा ने बताया कि गोलीबारी के बाद नक्सली जंगलों में भाग गए। यह कहना मुश्किल है कि कितने नक्सली इस घटना में शामिल थे।
दंतेवाड़ा हमले की जांच करने शनिवार को बस्तर पहुंचे बीएसएफ के पूर्व प्रमुख बस्तर में तैनात पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा करके छह अप्रैल को हुई घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास करेंगे।
छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक विश्वरंजन और सीआरपीएफ के विशेष निदेशक विजय रमन भी राममोहन के साथ हैं। राममोहन के 20 अप्रैल को जांच रिपोर्ट पूरी करने की उम्मीद है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications