मधुमेह सुरक्षा पर करोड़ों डॉलर खर्च करेगा आस्ट्रेलिया
कैनबेरा, 31 मार्च (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया एक नए मधुमेह सुरक्षा कार्यक्रम पर 43 करोड़ आस्ट्रेलियाई डॉलर (39.4 डॉलर) खर्च करेगा। प्रधानमंत्री केविन रड ने बुधवार को यह जानकारी दी।
सरकार की स्वास्थ्य प्रणाली में सुधार की योजना का खुलासा करते हुए रड ने कहा कि अगर कोई वैकल्पिक योजना नहीं बनाई गई तो अगले दशक में अस्पतालों को करीब 20 लाख मधुमेह रोगियों के इलाज की जद्दोजहद करनी होगी।
नए कार्यक्रम के 2012-13 तक शुरू होने की संभावना है। इससे मधुमेह रोगियों को अपने स्वास्थ्य को नियंत्रित करने और अस्पतालों से दूर रहने में मदद मिलेगी।
सिन्हुआ समाचार एजेंसी के मुताबिक आस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री का कहना है, "वर्ष 2007-08 में अस्पतालों में मधुमेह के करीब 237,000 मरीज दाखिल हुए थे और कुशल प्रबंधन के जरिए यह संख्या घटाई जा सकती है।"
रड ने कहा कि यह धन राशि मधुमेह रोगियों का इलाज करने वाले चिकित्सकों को दी जाएगी ताकि वे मरीजों के लिए व्यक्तिगत देख-रेख कार्यक्रम चला सकें। उन्होंने कहा कि इससे मरीजों को इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती नहीं होना पड़ेगा।
चिकित्सकों को मधुमेह के प्रत्येक रोगी के इलाज के लिए एक साल में 1,200 आस्ट्रेलियाई डॉलर (1,098 डॉलर) दिए जाएंगे और यदि रोगी की हालत में सुधार होता है तो उसकी देखभाल के लिए एक साल में अतिरिक्त 10,800 आस्ट्रेलियाई डॉलर (9,887 डॉलर) दिए जाएंगे।
रड ने कहा कि वर्ष 2012-13 में जब यह कार्यक्रम शुरू होगा तब तक 4,300 चिकित्सक उपलब्ध रहेंगे।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2013-14 के एक व्यक्तिगत देखभाल कार्यक्रम के लिए करीब 260,000 मधुमेह मरीजों ने स्वैच्छा से नामांकन कराया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications