भुट्टो हत्याकांड : यूएन रिपोर्ट में देरी से पाक का इंकार
इस्लामाबाद, 31 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी के बीच टकराव एक बार फिर उभरकर सामने आ गया है।
गिलानी ने बुधवार को इस बात से इंकार किया कि सरकार ने संयुक्त राष्ट्र (यूएन) से पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो हत्याकांड मामले की जांच रिपोर्ट को अभी सार्वजनिक नहीं करने को कहा है।
संसद के निचले सदन नेशनल असेंबली में गिलानी ने कहा, "हमने संयुक्त राष्ट्र आयोग से रिपोर्ट को अभी सार्वजनिक न करने के बारे में नहीं कहा है।"
गिलानी की यह टिप्पणी यूएन के महासचिव बान की मून के एक प्रवक्ता के उस बयान के एक दिन बाद आई जिसमें उसने मून के हवाले से कहा था कि जरदारी के आग्रह पर जांच रिपोर्ट 15 अप्रैल तक सार्वजनिक नहीं की जाएगी। इस रिपोर्ट को पहले मंगलवार को सार्वजनिक किया जाना था।
गिलानी ने कहा, "हम जांच रिपोर्ट को रोकने के बारे में कैसे कह सकते हैं?"
विश्लेषकों का कहना है कि गिलानी के इस बयान से उनके और जरदारी के बीच टकराव बढ़ेगा।
बेनजीर भुट्टो हत्याकांड में अपनी और स्कॉटलैंड यार्ड की जांच में सफलता न मिलने के बाद जुलाई 2008 में पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र से जांच की मांग की थी।
संयुक्त राष्ट्र की जांच जून 2009 में शुरू हुई थी और माना जा रहा है कि पाकिस्तान सरकार ने इस पर करीब 20 करोड़ रुपये खर्च किए।
उल्लेखनीय है कि एक चुनावी सभा को संबोधित करते समय 27 दिसंबर 2007 को रावलपिंडी में बेनजीर भुट्टो की हत्या कर दी गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications