छत्तीसगढ़ में 9 महीनों में 90 नक्सली ढेर (लीड-1)
रायपुर, 31 मार्च (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई में पिछले वर्ष जुलाई से अब तक कम से कम 90 नक्सली मारे गए और नौ पुलिसकर्मी शहीद हुए।
छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक विश्व रंजन ने बुधवार को आईएएनएस से बताया, "राज्य में ऑपरेशन ग्रीन हंट बहुत सफल रहा है। सुरक्षा बलों की कार्रवाई की वजह से नक्सली एक जंगल से दूसरे जंगल में भाग रहे हैं। अब तक कम से कम 90 नक्सली मारे जा चुके हैं, लेकिन महज नौ पुलिसकर्मी शहीद हुए हैं।"
राज्य सरकार नक्सलियों के खिलाफ जुलाई 2009 से कार्रवाई कर रही है लेकिन इसके बारे में लोगों को जानकारी सितंबर-अक्टूबर में मीडिया में खबरें आने के बाद मिली।
रंजन ने बताया, "सुरक्षा बल घने जंगलों तक पहुंच बना चुके हैं और उन इलाकों पर प्रभुत्व जमा रहे हैं तो कभी नक्सलियों का गढ़ थे। हम आतंकवादी शिविरों को नष्ट कर रहे हैं, वे सभी बस्तर में हैं।"
गुप्तचर विभाग के पूर्व अपर निदेशक रंजन ने कहा है कि सुरक्षा बलों की कार्रवाई से बचने के लिए जनवरी से कई नक्सली बस्तर के जंगलों से दूसरे राज्यों की ओर चले गए हैं।
उन्होंने दावा किया कि बस्तरवासी पहले डर की वजह से नक्सलियों की गतिविधियों के बारे में पुलिस को कोई जानकारी नहीं देते थे। बहरहाल, अब उन्हीं की मदद से नक्सलियों के बारे में पुख्ता जानकारी मिल रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications