मुलायम पर कठोर हुए अमर

समाजवादी पार्टी से निकाले जा चुके चर्चित राजनेता अमर सिंह ने जैसे मुलायम सिंह के ख़िलाफ़ मोर्चा खोलने की ठान रखी है.
आजकल वे किसी भी विषय पर समाजवादी पार्टी प्रमुख के ख़िलाफ़ मौक़ा हाथ से जाने नहीं देना चाहते.
महिला आरक्षण को लेकर मुलायम सिंह के ताज़ा विवादित बयान पर अमर सिंह ने कहा है कि वे उन्हें एक महिला उम्मीदवार से हराकर सबक सिखाएँगे.
ग़ाज़ियाबाद के पिलाखुआ में एक रैली के दौरान अमर सिंह ने कहा, "महिलाओं के प्रति असम्मान प्रदर्शित करने के लिए हम मुलायम सिंह यादव को सबक सिखाएँगे. वो दिन दूर नहीं जब चुनाव में वे एक महिला उम्मीदवार से पराजित होंगे."
पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण समाजवादी पार्टी से निष्कासित हो चुके अमर सिंह ने कहा कि मुलायम सिंह यादव महिलाओं का सम्मान करना नहीं जानते और उन्हें आने वाले चुनावों में महिलाओं की ओर से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा.
हाल ही में अमर सिंह ने राष्ट्रीय महिला आयोग से मांग की थी कि वह मुलायम सिंह की टिप्प्णी के लिए उन पर कार्रवाई करे.
अमर सिंह ने मुलायम सिंह की टिप्पणी को तालेबानी कहा था.
पिछले दिनों महिला आरक्षण विधेयक पर टिप्पणी करते हुए मुलायम सिंह यादव ने कहा था कि मौजूदा स्वरूप में अगर महिला आरक्षण विधेयक पास हुआ, तो संसद में उद्योगपतियों और अधिकारियों की बेटियाँ और महिलाएँ जाएँगी, जिन्हें देखकर लड़के सीटी बजाएँगे.












Click it and Unblock the Notifications