युवक की मौत से बेकाबू भीड़ पर लाठीचार्ज
इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में बुधवार को एक कार ने एक मोटरसाइकिल सवार को कुचल दिया । इस घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने कानपुर-आगरा राजमार्ग जामकर सार्वजनिक वाहनों में तोड़फोड़ की और पुलिस पर पथराव किया। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज का सहारा लिया।
उत्तर प्रदेश की अन्य खबरें पढ़ें
पुलिस के अनुसार घटना जिले के इकदिल थाना क्षेत्र के मानिकपुर मोड़ पर हुई। कानपुर की तरफ से आ रही एक मारुति स्विफ्ट कार ने स्थानीय निवासी योगेंद्र कुमार को कुचल दिया। योंगेंद्र की उम्र 25 साल बतायी जा रही है। पुलिस के मुताबिक योगेंद्र सड़क पार कर रहा था। योगेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कार चालक कार वहीं छोड़कर फरार हो गया।
घटना से बेकाबू हुए लोगों ने आपना गुस्सा सार्वजनिक वाहनों पर उतारा। मौके पर पहुंची पुलिस पर भी उन्होंने पथराव किया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिस कारण कई लोग घायल हो गए। हालांकि पुलिस ने दावा किया कि लाठीचार्ज में केवल कुछ लोगों को मामूली चोटें आयी हैं। मामले की तफ्तीश जारी है।













Click it and Unblock the Notifications