पेट और सीने की जलन को दूर रख लीजिए कॉफी का मजा
अनुसंधान में पाया गया है कि एस्प्रेसो, फ्रेंच रोस्ट और अन्य प्रकार की काली भुनी हुई कॉफी पेट के लिए नुकसानदेह नहीं होती है। इस कॉफी में ऐसे तत्व होते हैं जो पेट में अम्ल का निर्माण नहीं होने देते हैं।
वैज्ञानिकों का कहना है कि इस अनुसंधान से स्वादिष्ट और अच्छी खुशबू वाली व पेट के लिए नुकसानदेह न होने वाली कॉफी का पता लगाया जा सकेगा।
आस्ट्रिया के वियना विश्वविद्यालय की वरोनिका सोमोजा और जर्मनी की टेक्नीस्ची युनीवर्सिटी मुंचेन के थॉमस हॉफमैन का कहना है कि इस खोज से कॉफी के लिए संवेदनशील लोगों की मदद हो सकेगी।
केवल अमेरिका में ही चार करोड़ लोग पसंद होने के बावजूद पेट की जलन के कारण कॉफी नहीं पीते हैं। चिकित्सकों को लगता है कि कॉफी में मौजूद रसायनों की वजह से पेट में अधिक अम्ल बनता है।
पेट के लिए नुकसान न पैदा करने वाली कॉफी के उत्पादन की प्रक्रिया में उसमें से कुछ फायदेमंद तत्व भी कम हो जाते हैं। सोमोजा के मुताबिक ये तत्व मधुमेह और ह्रदय रोगों से बचाव में सहायक हो सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications