रेलवे के दोषपूर्ण विज्ञापन के लिए माफी मांगें प्रधानमंत्री : भाजपा
नई दिल्ली, 20 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रेलवे के उस दोषपूर्ण विज्ञापन के लिए शनिवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से माफी मांगने की मांग की है, जिसमें दिल्ली को पाकिस्तान में तथा कोलकाता को बंगाल की खाड़ी में बताया गया है।
भाजपा प्रवक्ता रामनाथ कोविद ने आईएएनएस को बताया, "प्रधानमंत्री को देश से माफी मांगनी चाहिए। एक महत्वपूर्ण मंत्रालय ने दिल्ली को पाकिस्तान में और कोलकाता को बंगाल की खाड़ी में बताया है। हम इससे शर्मिंदा हैं।"
यह गलती एक आलीशान पर्यटन रेल महाराजा एक्सप्रेस को रेल मंत्री ममता बनर्जी द्वारा शनिवार की रात हरी झंडी दिखाए जाने के लिए निर्धारित कार्यक्रम हेतु प्रमुख समाचार पत्रों में प्रकाशित विज्ञापन में सामने आई है।
कांग्रेस ने हालांकि भाजपा की इस मांग को खारिज कर दिया है।
कांग्रेस प्रवक्ता शकील अहमद ने कहा, "यह बचकानी मांग है। इससे प्रधानमंत्री का कुछ भी लेना-देना नहीं है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications