'आतंकवादियों को धन मुहैया कराता है बब्बर खालसा सदस्य'
एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में अपनी गतिविधियां बरकरार रखने के लिए बब्बर खालसा के आतंकवादियों को फ्रांस से धन प्राप्त होता है।
इस बात का खुलासा 40 वर्षीय करविंदर सिंह की गिरफ्तारी के बाद हुआ, जिस पर संदिग्ध बीकेआई आतंकवादी होने का आरोप है।
मोहाली पुलिस प्रमुख गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने आईएएनएस को बताया, "करविंदर को शुक्रवार को नई दिल्ली से गिरफ्तार किया गया था। वह फ्रांस में मौजूद बीकेआई के सदस्यों से धन प्राप्त करता था और हथियार व विस्फोटक खरीदने के लिए भारत स्थित सदस्यों में बांट देता था।"
उन्होंने कहा कि गुरुवार रात गिरफ्तार हुए आतंकवादियों को करविंदर ने 100,000 रुपये दिए थे।
उल्लेखनीय है कि पुलिस ने मोहाली के पास जिराकपुर कस्बे से दलजीत कुमार उर्फ दीपक और पुरुषोत्तम उर्फ बंटी नामक बीकेआई के दो आतंकवादियों को गिरफ्तार किया था। इनके पास एक पिस्तौल, कुछ कारतूस और 100,000 रुपये नकद बरामद किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications