नक्सलियों ने कहा कि उनका प्रवक्ता सुरक्षित है
नई दिल्ली, 21 मार्च (आईएएनएस)। नक्सली संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-माओवादी (सीपीआई-माओ) ने रविवार को कहा है कि उनका प्रवक्ता सुरक्षित है जबकि यह दावा किया जा रहा था कि वह गायब है और संभव है कि उसे मार दिया गया हो।
पार्टी के उत्तर क्षेत्रीय ब्यूरो के बयान में कहा गया कि यह बात गलत है कि चेरकुरी राजकुमार उर्फ आजाद ्न'अवैध हिरासत' में है।
पार्टी के मुताबिक, पहले का बयान पार्टी के दो सहयोगियों गुदसा उसेंडी और प्रताप की सूचना पर आधारित था।
बयान में कहा गया, "आजाद को महाराष्ट्र में किसी जगह शाकामूरी अप्पाराव उर्फ रवि से मिलने जाना था लेकिन वह वहां नहीं पहुंच सका। साथ ही वह अपने साथियों को संदेश भी नहीं पहुंचा सका। इसलिए संदेह की स्थिति पैदा हुई।"
इससे पहले आजाद की मां करुणा ने आंध्र प्रदेश मानवाधिकार आयोग से गुहार लगाई थी कि वह पुलिस को आजाद को अदालत में पेश करने का निर्देश जारी करे।
पोलित ब्यूरो का सदस्य आजाद 12 मार्च से लापता था। नक्सलियों का मानना था कि सुरक्षा बलों ने उसे पकड़कर मार दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications