महोबा में 6 वर्षीय बच्ची के साथ बलात्कार के बाद भड़का गुलाबी गैंग
बांदा, 21 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के चांदो गांव में दो दिन पूर्व एक छह साल की मासूम बच्ची के साथ बलात्कार के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी न होने से महिलाओं का संगठन 'गुलाबी गैंग' भड़क गया है। जबकि पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की हैं।
महोबा जनपद की सदर कोतवाली के चांदो गांव में शुक्रवार शाम सूरज कुशवाहा की छह साल की बेटी के साथ 33 वर्षीय व्यक्ति द्वारा दुष्कर्म किए जाने के मामले में भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया था।
आरोपी हीरालाल राजपूत अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। शनिवार को महोबा पहुंचे चित्रकूट धाम परिक्षेत्र बांदा के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी)बी.पी. त्रिपाठी को महिलाओं के संगठन 'गुलाबी गैंग' का विरोध झेलना पड़ा। संगठन की मुखिया सुमन सिंह चौहान के नेतृत्व में रविवार को सैकड़ों महिलाओं ने डीआईजी को घेर कर दो टूक शब्दों में कहा कि गिरफ्तारी न होने की दशा में वे कानून को अपने हाथ में ले सकती हैं।
गौरतलब है कि बलात्कार की शिकार मासूम बच्ची झांसी मेड़िकल कालेज में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।
डीआईजी बी.पी. त्रिापाठी ने बताया, "पुलिस अधीक्षक को त्वरित कार्रवाई करने का आदेश दे दिया गया है।"
पुलिस अधीक्षक प्रेम नारायण ने बताया कि "आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सीओ की अगुआई में तीन टीमें गठित की गईं हैं और उसको जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications