किंगफिशर की उड़ान में विस्फोटक बरामद, सभी यात्री सुरक्षित (लीड-4)
तिरूवनंतपुरम, 21 मार्च (आईएएनएस)। निजी हवाई सेवा प्रदाता कंपनी किंगफिशर की बेंगलुरू से आई एक उड़ान के 27 यात्री रविवार सुबह समय बाल-बाल बच गए जब विमान के मालवाहक कंपार्टमेंट से विस्फोटक बरामद किया गया।
सल्फर, पोटैशियम क्लोरेट और एल्युमिनियम पाउडर के मिश्रण वाले इस विस्फोटक को यात्रियों के उतरने के तुरंत बाद बरामद किया गया।
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के एक अधिकारी को एक मलयालम अखबार में गेंद के आकार में लिपटा विस्फोटक मिला। यह विमान सुबह 8.25 बजे यहां पहुंचा था।
तिरूवनंतपुरम के पुलिस आयुक्त एम.आर.अजीत कुमार ने कहा, "यह बम नहीं था लेकिन इसकी प्रकृति विस्फोटक जैसी थी। हमने प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।"
कुमार ने कहा कि विस्फोटक मिलने के तुरंत बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने विमान को घेर लिया और वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी वहां पहुंच गए।
उन्होंने कहा, "हम यह पता लगा रहे हैं कि विस्फोटक को विमान में कैसे रखा गया। निश्चित रूप से यह सुरक्षा में कमी को दर्शाता है।"
कुमार ने बताया कि सुरक्षा जांच के बाद यह उड़ान दोपहर में बेंगलुरू वापस लौट गई।
केरल के पुलिस महानिरीक्षक ए. हेमचंद्रन ने कहा, "मात्रा के हिसाब से यह विस्फोटक छोटा था। हां, यदि इसकी मात्रा ज्यादा होती तो निश्चित रूप से खतरा बढ़ जाता। हमने यात्रियों, चालक दल के सदस्यों और विमान से जुड़े अन्य कर्मचारियों की पहचान कर ली है और जांच शुरू कर दी गई है।"
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के एक अधिकारी ने नई दिल्ली में आईएएनएस से कहा, "सुरक्षा की गंभीर चूक के इस मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। मामले की जांच का जिम्मा नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो को सौंपा गया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सíवस।
*












Click it and Unblock the Notifications