सपा विधायक भगोड़ा घोषित, कुर्की की तैयारी
महाराजगंज के पुलिस अधीक्षक राम स्वरूप ने रविवार को संवाददाताओं को बताया, "विधायक की गिरफ्तारी के लिए पिछले पांच दिन से लखनऊ, गोरखपुर सहित उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।"
स्वरूप ने कहा कि पुलिस द्वारा दी गई रिपोर्ट के बाद स्थानीय अदालत ने विधायक को भगोड़ा घोषित कर दिया है। सोमवार को हम विधायक की सम्पत्ति की कुर्की की कार्रवाई के लिए अदालत में आवेदन करेंगे।
महाराजगंज की सदर विधानसभा सीट से सपा विधायक श्रीपति आजाद पर आरोप है कि उन्होंने गत 15 मार्च को अपने विधानसभा क्षेत्र के गांव रामपुर बुजुर्ग में विधवा सावित्री देवी को उसके ही घर में मिट्टी का तेल छिड़ककर जला दिया। गंभीर रूप से झुलसी विधवा को गोरखपुर मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार देर रात मौत हो गई।
जिले के कोतवाली (शहर) प्रभारी सुरेश चौहान ने बताया कि विधायक पर भारतीय दंड संहिता की धारा 326 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था लेकिन जलने वाली विधवा महिला की मौत हो जाने के बाद अब विधायक पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक विधायक का विधवा सावित्री देवी के साथ जमीन को लेकर पिछले काफी समय से विवाद चल रहा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications