अर्धसैनिक बलों के लिए नए बुलेट प्रूफ जैकेट जून तक
नई दिल्ली, 21 मार्च (आईएएनएस)। केंद्र सरकार देश में उग्रवाद निरोधी अभियानों में अर्धसैनिक बलों के इस्तेमाल के लिए हल्के वजन वाले लगभग 60,000 बुलेट प्रूफ जैकेट खरीदेगी।
गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि जैकेटों के लिए परीक्षण प्रक्रिया पूरी हो गई है और मार्च के अंत तक उसकी रिपोर्ट आ जाने की उम्मीद है।
इसके पहले जनवरी महीने में सरकार ने तकनीकी मूल्यांकन रिपोर्ट को रद्द कर दिया था और जैकेटों के दोबारा परीक्षण का आदेश दिया था। यह आदेश उस रिपोर्ट के बाद दिया गया था, जिसमें कहा गया था कि चंडीगढ़ स्थित रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की प्रयोगशाला में किया गया परीक्षण फर्जी था।
अधिकारी ने कहा है, "अब परीक्षण पक्का और पूरा हो गया है। मार्च के अंत तक रिपोर्ट आने की संभावना है और बुलेट प्रूफ जैकेट जून तक खरीद लिए जाएंगे।"
यह बुलेट प्रूफ जैकेट केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और आसाम रायफल्स के वास्ते लिए जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications