संयुक्त राष्ट्र प्रमुख गाजा पट्टी पहुंचे
गाजा, 21 मार्च (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की-मून अपनी मध्य पूर्व यात्रा के चरण में रविवार को गाजा पट्टी पहुंचे। उनकी इस यात्रा का उद्देश्य क्षेत्र में ठप पड़ी शांति वार्ता को पुनर्जीवित करना है।
करीब 15 लाख फिलिस्तीनियों के निवास स्थान में बान की यह दूसरी यात्रा है। वर्ष 2007 की गर्मियों में कट्टरपंथी इस्लामिक संगठन हमास द्वारा इस क्षेत्र पर अपना नियंत्रण स्थापित करने के बाद से इजराइल ने यहां की नाकाबंदी कर रखी है।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव की यह यात्रा मास्को में हुई अंतर्राष्ट्रीय मध्यस्थों (संयुक्त राष्ट्र, अमेरिका, यूरोपीय संघ और रूस) की बैठक के बाद हो रही है। इस बैठक में निर्णय लिया गया था कि इजराइल इस क्षेत्र में बस्तियां बसाने की अपनी सभी गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाए और इजराइल-फिलिस्तीन शांति वार्ता को दोबारा शुरू करने का वादा करे।
मून ने शनिवार को पश्चिमी किनारे की अपनी यात्रा के दौरान कहा था कि पूर्वी जेरूसलम में इजराइल की औपनिवेशीकरण की योजना अवैध है और वह फिलिस्तीनियों के लिए अपना समर्थन प्रदर्शित करने के लिए गाजा की यात्रा करेंगे।
रामल्ला के पश्चिमी किनारे शहर में फिलिस्तीनी प्रधानमंत्री सलाम फय्याद के साथ बैठक के बाद उन्होंने कहा, "एक स्वतंत्र और व्यवहार्य फिलिस्तीन राष्ट्र के गठन के प्रयासों का हम मजबूती से समर्थन करते हैं।"
उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह इजराइल ने पूर्वी जेरूसलम में 1,600 नए घर बनाने को मंजूरी दी थी। फिलिस्तीन यहां भविष्य में अपनी राजधानी बनाना चाहता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications