राजधानी में मनाया गया विश्व वन दिवस
नई दिल्ली, 21 मार्च (आईएएनएस)। राजधानी में रविवार को विश्व वन दिवस मनाया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री शीला दीक्षित और दिल्ली के वित्त मंत्री डा.अशोक कुमार वालिया ने आईटीओ चुंगी पर आयोजित विश्व वन दिवस समारोह के दौरान कई पौधे लगाए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा, "आईटीओ चुंगी पर 36 एकड़ क्षेत्र में एक साथ कुल मिलाकर चार हजार पौधे लगाए जा रहे हैं जिससे राजधानी के हरियाली क्षेत्र और सुंदरता में इजाफा होगा।"
उन्होंने कहा कि दिल्ली में 1993 में हरित क्षेत्र महज 22 वर्ग किलोमीटर था जो 2007 में बढ़कर 300 वर्ग किलोमीटर हो गया। वनों का संरक्षण जरुरी है इस क्षेत्र में प्राथमिकता के अनुसार काम किया जा रहा है।
वित्त मंत्री डा. अशोक कुमार वालिया ने इस मौके पर कहा कि पौधारोपण का कार्यक्रम स्वागत योग्य है। उन्होंने लोगों से पौधों की सही देखभाल करने का आग्रह किया।
उल्लेखनीय है कि 1971 में यूरोपीय कृषि परिसंघ की 23 वीं आम सभा की बैठक में 21 मार्च को विश्व वन दिवस मनाने का फैसला किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications