लोकसभा में पेश नहीं हुआ परमाणु विधेयक (लीड-1)
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और वामपंथी दल इसके विरोध में हैं। भाजपा ने इस विधेयक के विरोध में एक नोटिस भी दिया था। लोकसभाध्यक्ष मीरा कुमार ने कहा कि उन्हें केंद्रीय संसदीय कार्य राज्य मंत्री पृथ्वीराज चव्हाण से सूचना मिली है कि सरकार आज इस विधेयक को पेश करने की इच्छुक नहीं है।
भाजपा की ओर से मांग की गई कि इस विधेयक को वापस लिया जाए। नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज ने कहा, "हम इस विधेयक को वापस लेने का आग्रह करते हैं।"
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने कहा, "इस विधेयक के बारे में जानकारी देना सरकार का कर्तव्य है। सदन को जानने का अधिकार है। यह आज की कार्यवाही में शामिल था। इसमें बदलाव कब किया गया?"
इस विधेयक के तहत किसी दुर्घटना की स्थिति में परमाणु कंपनियों के लिए क्षतिपूर्ति की सीमा निर्धारित की जानी है। अमेरिका के साथ 123 असैन्य परमाणु समझौते के लिए इस विधेयक का पारित होना जरूरी है।
इससे पहले लोकसभा सचिवालय के सूत्रों के हवाले से कहा गया था कि संसदीय कार्य राज्य मंत्री पृथ्वीराज चव्हाण सोमवार को इस विधेयक को पेश करेंगे। सूत्रों का यह भी कहना था कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह अप्रैल में होने वाली अपनी अमेरिकी यात्रा से पहले इस विधेयक को पारित करवा लेना चाहते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications