बरेली में कर्फ्यू में ढील
बरेली परिक्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक राजीव सबरवाल ने सोमवार को आईएएनएस को बताया, "कर्फ्यू लगाए गए सभी पांच थाना क्षेत्रों में सोमवार सुबह 6 बजे से 10 बजे तक ढील दी गई। इस दौरान रिक्शे और साइकिल को छोड़कर दोपहिया और चारपहिया वाहनों के चलने पर प्रतिबंध रहा।"
उन्होंने कहा कि हालात तनावपूर्ण लेकिन पूरी नियंत्रण में हैं। पिछले 48 घंटों से शहर में किसी भी तरह की हिंसा की खबर नहीं है। कर्फ्यू वाले इलाकों में भारी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
सबरवाल ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता हिंसा भड़कने के बाद से बंद स्कूलों में शिक्षण कार्य बहाल करने की है। सोमवार शाम को शहर के स्कूल-कॉलेजों के प्रधानाचार्यो के साथ जिला प्रशासन की बैठक होगी। जिसमें आने वाले दिनों में स्कूल खोलने के बारे फैसला किया जाएगा।
बरेली परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक भानु प्रताप सिंह ने संवाददाताओं से कहा, "रविवार को पूरी तरह से शहर में शांति रही। हालात तेजी से सामान्य हो रहे हैं। आने वाले समय में कर्फ्यू में और ढील बरती जाएगी।"
बरेली में कर्फ्यू का सोमवार को 13 वां दिन है। हिंसा भड़काने के आरोप में गिरफ्तार किए गए मुस्लिम धर्मगुरु व इत्तेहाद मिल्लत कौंसिल के अध्यक्ष तौफीक रजा खान की रिहाई के बाद बीते शुक्रवार को एक बार फिर से हिंसा भड़क गई थी, जिसके बाद शहर के सुभाषनगर थाना क्षेत्र में भी कर्फ्यू लगा दिया गया था। इससे पहले किला, बारादरी, कोतवाली और प्रेमनगर थाना क्षेत्रों में पहले से कर्फ्यू पहले की तरह जारी था।
बरेली शहर में सांप्रदायिक हिंसा की शुरूआत गत दो मार्च को जुलूस-ए-मोहम्मदी के दौरान दो समुदायों के बीच टकराव के बाद शुरू हुई थी जिसके बाद इलाके में लगातार तनाव बना हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications