बुर्के पर कार्टून से कनाडा में विवाद
गुरमुख सिंह
टोरंटो, 15 मार्च (आईएएनएस)। कनाडा के मांट्रियल शहर के एक समाचार पत्र में बुर्के पर छपे एक कार्टून से नया विवाद खड़ा हो गया। इस कार्टून को लेकर मुस्लिम समुदाय में रोष है।
यह कार्टून 'मांट्रियल गजट' में बीते सप्ताहांत छपा। इस कार्टून को नईमा आतिफ अहमद नाम की उस मुस्लिम महिला को पृष्ठभूमि में रखकर बनाया गया था जिसने बीते साल नवंबर में एक कॉलेज में चहरे से पर्दा हटाने से मना कर दिया था। बाद में इस महिला ने अपने धार्मिक अधिकारों का उल्लंघन किए जाने के आरोप लगाते हुए कॉलेज ही छोड़ दिया था।
इस कार्टून में दिखाया गया है कि सिर से लेकर पांव तक नकाब में ढकी एक महिला जेल में बंद है। कार्टून को बनाने वाले कार्टूनिस्ट टेरी मॉशर ने कहा कि उन्होंने यह काटरून महिला के तर्क के विरोध में बनाया है जिसका हवाला देकर उसने पर्दे को सही ठहराया था। उन्होंने कहा कि वह इस मसले बहस छेड़ना चाहते हैं।
मुस्लिम नेताओं ने इस कार्टून को लेकर नाराजगी जताई है। मांट्रियल मुस्लिम काउंसिल के नेता सलाम इल्मेनयावी ने कहा, "कार्टून प्रदर्शित करने का यह एक घटिया तरीका है। कार्टूनिस्ट ने इसे क्यों यह दावा करते हुए बनाया कि वह इस मामले पर बहस छेड़ना चाहता है?"
उल्लेखनीय है कि 3.3 करोड़ की जनसंख्या वाले कनाडा में मुस्लिम समुदाय की आबादी 10 लाख से अधिक है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications