दरियाई घोड़े का 'ज़ेब्रा' ब्रश

ज़्यूरिख के चिड़ियाघर की सैर कर रहे लोग उस समय चौंक गए जब उन्होंने एक ज़ेब्रा को दरियाई घोड़े के जबड़े में झाँकते देखा. लोगों को लगा अब को ज़ेब्रा की ख़ैर नहीं, लेकिन उन्हें तब और आश्चर्च हुआ जब दरियाई घोड़े ने ज़ेब्रा को कुछ नहीं किया. और क़रीब जाने पर लोगों को असली कहानी पता चली. उन्होंने देखा कि दरियाई घोड़ा तो आराम से अपनी दाँत की सफ़ाई करा रहा था और ज़ेब्रा भी बिना भय के इस काम को बख़ूबी अंजाम दे रहा था.
फ़्लोरिडा की जिल सॉन्सटेबी ने भी इस असाधारण क्षण को अपने कैमरे में क़ैद किया. उन्होंने बताया कि दाँत की सफ़ाई की काम क़रीब 15 मिनट चला और दरियाई घोड़े ने ज़ेब्रा को कोई नुक़सान नहीं पहुँचाया. सॉन्सटेबी ने बताया, "चिड़ियाघर के उसी इलाक़े में दरियाई घोड़ा अपने बच्चे साथ था, जहाँ ज़ेब्रा भी था. दरियाई घोड़े ने अपना मुँह खोला और ज़ेब्रा ने उसकी सफ़ाई शुरू कर दी. वहाँ मौजूद हर कोई तस्वीर खींच रहा था. उस क्षण वहाँ मौजूद रहना शानदार था."
दरियाई घोड़े को दुनिया के सबसे आक्रामक जीवों में से एक माना जाता है. अपनी दाँतों से वह छोटे नाव को दो टुकडों में कर सकता है. तीन टन के वज़न वाला दरियाई घोड़ा ज़मीन पर पाया जाने वाला दुनिया का तीसरा बड़ा स्तनपायी जानवर है. हालाँकि सामान्य तौर पर ये एक-दूसरे को जान से नहीं मारते लेकिन अफ़्रीकी देशों में लोगों पर सैकड़ों बार इनके जानलेवा हमले हुए हैं. भारी-भरकम होने के बावजूद दरियाई घोड़ा छोटी दूरी की दौड़ में इंसान को भी पछाड़ सकता है.












Click it and Unblock the Notifications