आतंकवाद से मिलकर लड़ना होगा: पाकिस्तान

अपने भारत दौरे से पहले पाकिस्तानी विदेश सचिव ने कहा है कि पाकिस्तान शांति वार्ता चाहता है और दोनों देशों को आतंकवाद से मिलकर लड़ना होगा.पाकिस्तान के विदेश सचिव सलमान बशीर ने कहा है कि भारत के साथ कश्मीर सहित सभी मुद्दों पर बातचीत होगी और बातचीत के लिए पाकिस्तान के विचार बहुत ही स्पष्ट हैं.
विदेश सचिव ने दिल्ली जाने से पहले लाहौर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, “कश्मीर हमारी प्राथमिकता है और दोनों देशों के बीच पानी की समस्या भी बहुत ही अहम है लेकिन हम यह चहाते हैं कि शांति वर्ता फिर से शुरु हो. उन्होंने बताया, “मैं खुले दिल के साथ भारत जा रहा हूँ और हम चाहते हैं कि सभी मुद्दों के हल के लिए कोई प्रक्रिया तैयार की जाए." उनके मुताबिक आतंकवाद पाकिस्तान और भारत का साझा दुश्मन है और दोनों को मिल कर उससे निपटना होगा और दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने भी मिस्र में इस पर सहमति जताई थी.
'बातचीत जारी रहे'
सलमान बशीर ने कहा कि पाकिस्तान ने आतंकवाद के ख़िलाफ युद्ध में बड़ी सफलताएँ प्राप्त की हैं और अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने उसकी काफी प्रशंसा भी की है. उन्होंने आगे कहा, “मैं उम्मीद करता हूँ कि भारत भी इस बात को समझेगा कि आतंकवाद एक विश्वव्यापी समस्या है और इसका मिल कर सामना करना होगा. साथ ही भारत हमारी सफलताओं की भी प्रशंसा करे."
जब उनसे पूछा गया कि क्या वे भारतीय विदेश सचिव को पाकिस्तान की यात्रा का न्यौता देंगे तो उन्होने जवाब दिया, “दिल्ली में जो बातचीत शुरु होगी तो हम चाहते हैं कि यह सिलसिला जारी रहे और हम इस बातचीत के सकारात्मक परिणाम चाहते हैं." सलमान बशीर ने उम्मीद जताई की बातचीत का यह सिलसिला उच्च स्तर पर भी शुरु हो जाएगा.
ग़ौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान के विदेश सचिव गुरुवार को दिल्ली में मुलाक़ात कर रहे हैं.इससे पहले भारत की विदेश सचिव निरुपमा राव ने कहा था कि पाकिस्तान के साथ होने वाली सचिव स्तर की बातचीत में मुख्य मुद्दा सीमा पार से होने वाला आतंकवाद ही होगा.












Click it and Unblock the Notifications