खेती के पानी को लेकर राजस्थान विधानसभा में हंगामा
जल संसाधन मंत्री का जवाब दिलवाने की मांग को लेकर भाजपा के कई सदस्य सदन में ही धरने पर बैठ गए और वेल में आकर नारेबाजी की। शून्यकाल में यह मामला भाजपा के भवानीसिंह राजावत ने उठाया। उन्होंने कहा कि हाड़ौती में फसलें जल रही हैं। गांधी सागर बांध में पानी उपलब्ध है, लेकिन हाड़ौती के किसानों को नहीं मिल रहा है।
राज्य सरकार ने इस बारे में मध्य प्रदेश सरकार से बात करके कोई कदम नहीं उठाए हैं। किसान लगातार आंदोलन कर रहे हैं। भाजपा के ही ओम बिड़ला ने भी उनकी मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को खेती करने के लिए करोड़ों के विज्ञापन देती है, लेकिन किसानों को पानी नहीं दे रही है। देवीसिंह भाटी, राधेश्याम श्रीगंगानगर ने भी बिड़ला और भवानी की बात का समर्थन करते हुए बीकानेर और श्रीगंगानगर जिलों में भी पानी की समस्या उठाई।
बाद में जल संसाधन मंत्री महिपाल मदेरणा से जवाब दिलवाने की मांग को लेकर भवानीसिंह राजावत, राधेश्याम श्रीगंगानगर, देवीसिंह भाटी, ओम बिड़ला, प्रभूलाल सैनी, चंद्रकांता मेघवाल सहित कई विधायक धरने पर बैठ गए। विधायक दल के उप नेता घनश्याम तिवाड़ी के हस्तक्षेप करने पर आसन से अध्यक्ष दीपेन्द्र सिंह शेखावत ने व्यवस्था दी कि मंत्री से तत्काल जवाब दिलवाना संभव नहीं है, लेकिन बाद में समय तय करके इस बारे में बयान दिलवाया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications