बजट सत्र: केंद्र पर चलेंगे विपक्ष के तीर

इस साल का बजट सत्र हंगामे से भरा होने की पूरी आशंका है। विपक्ष महंगाई, खाद्य संकट, भारत-पाकिस्तान वार्ता और आतंरिक सुरक्षा जैसे कई मसलों पर सरकार को घेरने कोशिश में होगा।
रेल 24 को, आम बजट 26 को
संसद के दोनो सदनों को राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील के संबोधित करने के साथ सोमवार को बजट सत्र आरंभ हो जाएगा। रेल बजट 24 फरवरी और आम बजट 26 फवरी को पेश होगा। यह सत्र सात मई तक चलेगा। इस दौरान तीन सप्ताह का अवकाश भी रहेगा।
मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पहले ही ऐलान कर दिया है कि वह इस सत्र के दौरान खाद्य पदार्थो के मूल्यों में वृद्धि, भारत व पाकिस्तान के बीच प्रस्तावित सचिव स्तर की वार्ता और आंतरिक सुरक्षा हालात जैसे मुद्दों को उठाएगी।
किसानों से जुड़े मुद्दे उठाएगी भाजपा
भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा, "कीमतों में वृद्धि के अलावा हमारी पार्टी किसानों से जुड़े मुद्दे उठाएगी। हम पाकिस्तान के साथ अचानक वार्ता करने के सरकार के फैसले के बारे में भी जानना चाहेंगे। हम आतंकवाद और नक्सली हिंसा से जुड़े मसलों को भी उठाएंगे।"
यूरिया के बढ़े दाम का विरोध करेगी सपा
केंद्र की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार को बाहर से समर्थन कर रही समाजवादी पार्टी ने भी यूरिया के दाम बढ़ने का विरोध करने का फैसला किया है। पार्टी महासचिव मोहन सिंह ने कहा, "यूरिया की कीमत 10 रुपये बढ़ाने का फैसला किसान विरोधी है। किसान अब तक आत्महत्या कर रहे थे और अब सरकार के इस फैसले ने उनको मौत की सजा दे दी है।"
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने भी यूरिया की कीमत बढ़ने और उर्वरक में सब्सिडी कम करने का विरोध करने का निर्णय लिया है। पार्टी नेता वासुदेव आचार्य ने कहा कि उनकी पार्टी बीटी बैंगन के मसले पर चर्चा कराने की मांग करेगी।












Click it and Unblock the Notifications