यूनीवार्ता के पूर्व संपादक का निधन
नई दिल्ली, 21 फरवरी (आईएएनएस)। वरिष्ठ पत्रकार एवं समाचार एजेंसी 'यूनीवार्ता' के पूर्व संपादक अशोक शर्मा का शनिवार रात निधन हो गया। वह 60 वर्ष के थे और महीने भर से बीमार थे।
शर्मा गत सितम्बर में यूनीवार्ता के संपादक पद से सेवानिवृत्त हुए थे। बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के मेधावी छात्र रहे शर्मा ने पढ़ाई समाप्त करते ही पत्रकारिता जगत में कदम रखा। उन्होंने समाचार भारती में कार्य किया और उसके बाद यूनीवार्ता के गठन के समय से ही उससे जुड़ गए। 35 वर्ष तक पत्रकारिता की सेवा करने वाले शर्मा की आर्थिक मामलों पर गहरी पकड़ थी।
शर्मा को गत 12 जनवरी को दिल का दौरा पड़ने के बाद दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गत 14 जनवरी को उनकी बाईपास सर्जरी की गई थी तभी से उनकी हालत बहुत नाजुक बनी हुई थी। शनिवार रात करीब 8.30 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली। उनके परिवार में पत्नी शशि और पुत्र ईशान शर्मा हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications