पर्यटक भड़काऊ कपड़े न पहनें : भाजपा
पणजी, 21 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई के अध्यक्ष ने रविवार को कहा कि गोवा आने वाले विदेशी पर्यटकों के लिए एक 'न्यूनतम परिधान संहिता' होनी चाहिए, क्योंकि वे जिस तरह के कपड़े पहनते हैं वे भड़काऊ होते हैं।
गोवा भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मीकांत पर्सेनकर एक ग्रामसभा में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि गोवा में विदेशी पर्यटकों द्वारा किए जा रहे सांस्कृतिक अतिक्रमण को रोकने के लिए 'एक न्यूनतम परिधान संहिता' होनी चाहिए।
तटीय विधानसभा क्षेत्र, मांडरेम से विधायक पर्सेनकर ने कहा, "कम से कम एक न्यूनतम परिधान संहिता तो होनी ही चाहिए। जिस तरह के कपड़े वे पहनते हैं, वे लोगों को भड़काते हैं। उसके बाद यदि कोई घटना घटती है, तो वह मीडिया में छा जाती है।"
पर्सेनकर ने कहा कि उन्हें उनके विधानसभा क्षेत्र में मोरजिम जैसे लोकप्रिय तटों पर नग्नता के बारे में भी शिकायतें मिली हैं।
पर्सेनकर ने कहा, "वे यहां आकर सांस्कृतिक रूप से असंवेदनशील तरीके का व्यवहार नहीं कर सकते। जो लोग यहां आकर नंगे या अर्ध नग्न अवस्था में घूमते हैं, वे इस तरह की हरकतें अपने देश में नहीं कर सकते।" पर्सेनकर ने कहा कि गोवा भारत का एक मात्र ऐसा पर्यटक स्थल है, जहां विदेशी पर्यटक नग्न अवस्था में घूमने का साहस कर पाते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications