बजट सत्र में महंगाई, आतंकवाद पर सरकार को घेरेगा राजग
बजट सत्र आरंभ होने से पहले राजग संसदीय दल के कार्यकारी अध्यक्ष लाल कृष्ण आडवाणी के निवास पर हुई राजग नेताओं की एक बैठक में सरकार को घेरने का तानाबाना बुना गया। इसका ब्योरा देते हुए राज्यसभा में भाजपा संसदीय दल के उपनेता एस. एस. अहलूवालिया ने संवाददाताओं को बताया, "23 फरवरी को हम महंगाई पर स्थगन प्रस्ताव लाएंगे। साथ ही प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा से भारत-पाक के बीच प्रस्तावित वार्ता पर बयान की मांग करेंगे। सरकार से इस वार्ता की मंशा पर सफाई मांगी जाएगी। "
उन्होंने कहा, " महंगाई और भारत-पाक वार्ता के अलावा आतंकवाद, नक्सलवाद, रंगनाथ मिश्र समिति की रिपोर्ट, उवर्रक सब्सिडी सहित अन्य मुद्दों पर हम सरकार से जवाब मांगेंगे।"
लोकसभा में भाजपा संसदीय दल के उप नेता गोपीनाथ मुंडे ने तो राष्ट्रपति के अभिभाषण से पहले ही महंगाई के मुद्दे पर चर्चा की कराने की मांग की। उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "आज की तारीख में महंगाई सबसे बड़ा मुद्दा है। लोग इससे त्रस्त हैं इसलिए राष्ट्रपति के अभिभाषण से पहले ही इस विषय पर चर्चा होनी चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications