बांग्लादेश में श्रद्धांजलि कार्यक्रम में हिंसा, एक की मौत (लीड-1)
नोवाखाली के सोनायमुरी उपजिला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रविवार को सत्तारूढ़ अवामी लीग और विपक्षी दल बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए, जिससे 42 वर्षीय मोहम्मद शाह आलम की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए। विवाद पहले श्रद्धांजलि देने को लेकर शुरू हुआ था।
दोनों दलों के स्थानीय कार्यकर्ता दावा कर रहे हैं कि शाह आलम उनके दल का सदस्य था।
दूसरी घटना गोबिंदागंज में हुई, जहां अवामी लीग के ही दो धड़े आपस में भिड़ गए। इस घटना में तीन पुलिसवालों सहित 23 लोग जख्मी हो गए।
बांग्लादेश में रविवार को उन शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई जिन्होंने बांग्ला भाषा को आधिकारिक दर्जा दिलाने के लिए 58 साल पहले पाकिस्तानी सत्ता से मोर्चा लेते हुए अपनी जान की बाजी लगा दी थी।
'अमर एकुशी फरवरी' नाम से मनाया जाने वाला यह दिन इसलिए भी खास है क्योंकि 21 फरवरी को ही अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस भी मनाया जाता है।
राष्ट्रपति जिल्लुर रहमान और प्रधानमंत्री शेख हसीना ने आधी रात को शहीद मीनार पर पुष्पांजलि दी। अपने सहयोगियों के साथ विपक्ष की नेता खालिदा जिया ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
बांग्ला भाषा को आधिकारिक भाषा का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर 21 फरवरी 1952 को सलाम, बरकत, रफीक और कुछ अन्य युवकों ने जान की बाजी लगा दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications