सुलग रही है उस्मानिया यूनिवर्सिटी

छात्रों की रैली की वजह से विश्वविद्यालय परिसर और पूरे शहर में तनाव व्याप्त है। संयुक्त कार्रवाई समिति (जेएसी) की प्रस्तावित रैली को पुलिस ने गैरकानूनी करार दिया है। विधानसभा की ओर जाने वाली सड़कों से केवल पुलिस वाहनों, विधायकों और मीडियाकर्मियों के वाहनों को गुजरने की अनुमति दी गई है।
शनिवार को मुख्यमंत्री के.रोसैय्या बजट पेश करने वाले हैं। विधानसभा की कार्यवाही सुबह नौ बजे से शुरू हुई। हैदराबाद के पुलिस आयुक्त ए.के.खान ने कहा है कि कानून और व्यवस्था को भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निषेधाज्ञा का उल्लंघन करते हुए छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर स्थित आर्ट्स कॉलेज से रैली निकाली लेकिन परिसर के बाहर विद्यानगर में उन्हें रोक दिया गया। रैली में शामिल छात्र 'जय तेलंगाना' का नारा लगा रहे थे। विश्वविद्यालय परिसर से विधानसभा की दूरी 15 किलोमीटर है। 1,000 से अधिक छात्र शनिवार को विधानसभा को घेरने की योजना बना रहे हैं।
इससे पहले छात्रों ने कुलपति तिरुपति राव की कार पर पथराव कर दिया था। राव ने छात्रों से पसिसर में शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने की अपील की थी। विधानसभा परिसर के समीप स्थित निजाम कॉलेज में भी तनाव व्याप्त है। प्रशासन ने ऐहतियात बरतते हुए कॉलेज के द्वार को बंद कर दिया है।
छात्र तेलंगाना मसले पर विधानसभा को घेरना चाहते हैं। सुरक्षाकर्मियों ने ऐहतियात बरतते हुए विधानसभा की ओर जाने वाली सभी सड़कों पर आवाजाही बंद कर दी है। शहर में कम से कम पांच फ्लाइओवरों को बंद कर दिया गया है। इसके अलावा कुछ रेलगाड़ियों को भी रद्द किया गया है।
शहर की किलेबंदी की वजह से आम जनजीवन सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। हैदराबाद और साइबराबाद इलाके में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। इन इलाकों में 20,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications