चिदंबरम ने नक्सली हमले की निंदा की
पश्चिम मिदनापुर जिले में ईस्टर्न फ्रंटियर राइफल्स के शिविर पर हुए हमले के एक दिन बाद चिदंबरम ने एक बयान में कहा, "पश्चिम बंगाल में भाकपा-माओवादी का ईस्टर्न फ्रंटियर राइफल्स के शिविर पर किया गया हमला राज्य पर प्रभुत्व जमाने के लिए प्रतिबंधित संगठन द्वारा किया गया एक और क्रूर प्रयास है। मैं इस हमले की निंदा करता हूं।"
मारे गए लोगों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि वहां कुछ मामलों में विफलता के संकेत मिले हैं। केवल एक गहन समीक्षा से ही पता चलेगा कि कैसे नक्सली दिन के उजाले में एक पुलिस शिविर पर हमला करने में कामयाब रहे।
चिदंबरम ने कहा कि शिविर से 40 से अधिक हथियारों के लूटे जाने की खबर है। भाकपा-माओवादी के नेता ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है और भविष्य में ऐसे हमले दोहराने की धमकी दी है।
शीर्ष नक्सली नेता कोटेश्वर राव उर्फ किशनजी ने दावा किया कि हमले के लिए उनका संगठन जिम्मेदार है।
गृह मंत्री ने कहा कि नक्सलियों का हर हमला उनकी वास्तविक प्रकृति और चरित्र को उजागर करता है।
हमले में 28 लोग मारे गए थे। इनमें सुरक्षा बलों के 27 जवान और एक राहगीर शामिल है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications