पश्चिम बांगाल में नक्सली हमले के बाद सघन तलाशी अभियान शुरू
इलाके में असामान्य शांति फैली है और दुकानें तथा बाजार बंद हैं। संयुक्त बलों के इलाके में पहुंचने के बाद सड़कों पर बमुश्किल ही कोई व्यक्ति या वाहन दिखा।
सूत्रों के अनुसार केंद्रीय बल सोमवार रात को घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र को घेर लिया। बाद में उन्होंने शिल्दा पुलिस शिविर की आग को बुझाया। नक्सलियों ने हमले के बाद शिविर में आग लगा दी थी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बम निरोधक दस्ता इस समय बारूदी सुरंग रोधी वाहनों की मदद से तलाशी अभियान चला रहा है। शिल्दा और आसपास के इलाकों में गश्त जारी है।
सोमवार को करीब 60 नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के शिविर पर धावा बोला था। हमले के बाद से कई सुरक्षाकर्मी लापता हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार नक्सली वैन और दोपहिया वाहनों में सवार होकर वहां आए थे और शिविर पर हमला करने के बाद उसमें आग लगा दी।
हमले के बाद भागने से पहले नक्सलियों ने शिल्दा से लगे नारायणपुरचौक इलाके में बारूदी सुरंगे बिछाईं, नारेबाजी की और पर्चे फेंके।
सूत्रों के अनुसार शिविर में 51 सुरक्षाकर्मी थे। इनमें ईस्टर्न फ्रंटियर राइफल्स के 35 और राज्य सशस्त्र पुलिस के 16 जवान शामिल थे।
एक पुलिस सूत्र ने कहा कि नक्सली शिविर से 30 हथियार भी लूटने में सफल रहे। स्थिति का जायजा लेने के लिए राज्य पुलिस के शीर्ष अधिकारी मंगलवार को घटनास्थल पर पहुंचेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications