इंदौर में बच्चे की हत्या के आरोपी को फांसी की सजा (लीड-1)
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एमआईजी थाना क्षेत्र के रुस्तम का बगीचा इलाके में 13 दिसंबर 2009 की रात को शराब के नशे में धुत्त शातिर अपराधी बिरजू अहिरवार ने गोली चला दी। यह गोली नाना बाबूलाल की गोद में खेल रहे एक वर्षीय अरमान के सिर में जाकर लगी और उसकी मौके पर मौत हो गई।
इस मामले की 8 जनवरी 2010 को अदालत में सुनवाई शुरू हुई और 9 फरवरी को पूरी हो गई। जिला एवं सत्र न्यायाधीश के. सी. गर्ग ने मंगलवार को अपना फैसला सुनाया। इस फैसले में बिरजू के कृत्य को जघन्य मानते हुए फांसी की सजा सुनाई है।
लोक अभियोजक रवींद्र सिंह ने पत्रकारों को बताया कि न्यायाधीश ने तमाम साक्ष्यों और मौके पर मौजूद लोगों का पक्ष सुनने के बाद फांसी की सजा सुनाई है।
न्यायालय के इस फैसले से अरमान के परिजन खुश हैं। अरमान के पिता जीवन का कहना है कि बिरजू को फांसी की सजा दिए जाने से उन्हें न्याय मिला है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications