ईरान एक सैन्य तानाशाही बन रहा है : हिलेरी क्लिंटन
कुवैत सिटी, 16 फरवरी (आईएएनएस)। अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने चेतावनी दी है कि ईरान सैन्य तानाशाही की तरफ बढ़ रहा है और देश के शीर्ष पदों को कमजोर किया जा रहा है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार सोमवार को दोहा में कार्नेगी-मेलोन विश्वविद्यालय की शाखा में छात्रों से क्लिंटन ने कहा कि अमेरिका ईरान से वार्ता के लिए तैयार है लेकिन उसके परमाणु कार्यक्रम पर चुप नहीं रहेगा।
उन्होंने कहा, "हम अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को एकजुट कर संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंधों के माध्यम से ईरान पर दबाव बढ़ाना चाहते हैं।"
क्लिंटन ने कहा, "हम देख रहे हैं कि ईरान में सरकार, सर्वोच्च नेता और राष्ट्रपति और संसद कमजोर हो रही है और ईरान एक सैन्य तानाशाही की ओर बढ़ रहा है।"
उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरान को यह संदेश देना चाहता है कि उससे वार्ता का रास्ता खुला है।
यह पूछने पर कि अमेरिका की ईरान पर हमले की कोई योजना नहीं है, क्लिंटन ने कहा, "अमेरिका की रुचि ईरान का व्यवहार बदलने में है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications