लखनऊ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज
उत्तर प्रदेश कांग्रेस इकाई की अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी के नेतृत्व में महिला उत्पीड़न के विरोध में मंगलवार को सैकड़ों कांग्रेसी और महिला कार्यकर्ता प्रदशर्न करते हुए विधानसभा के मुख्य फाटक की तरफ बढ़ रहे थे तभी पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए पहले वाटर कैनन का प्रयोग किया फिर लाठियां भांजी, जिसमें कई प्रदर्शनकारी कांग्रेसी घायल हो गए।
रीता बहुगुणा, सांसद जगदंबिका पाल, परवेज हाशमी, प्रमोद तिवारी सहित दर्जनों कांग्रेसी नेताओं और महिला कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने आईएएनएस से कहा कि मायावती राज में महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचारों के खिलाफ कांग्रेस के नेता और महिला कार्यकर्ता शांतिपूर्ण प्रदशर्न कर रही थीं। तभी पुलिस ने राज्य सरकार के इशारे पर दमनात्मक कार्रवाई करते हुए लाठीचार्ज किया जिसमें 25 से ज्यादा कार्यकर्ता घायल हो गए, जिनका विभिन्न अस्पतालों में उपचार कराया जा रहा है।
उधर लखनऊ के एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि प्रदर्शकारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल का प्रयोग किया गया। पुलिस अधिकारी ने दावा किया कि लाठी चार्ज में कोई घायल नहीं हुआ।
इससे पहले शहीद स्मारक पर प्रदशर्न कर रही महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी पुलिस की तीखी नोंक-झोंक हुई जिसके बाद पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया। यहां से तितर-बितर होने के बाद सभी प्रदशर्नकारी विधानसभा की तरफ कूच कर गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications