अलकायदा ने दी भारत में हमले की धमकी
वेबसाइट 'एशिया टाइम्स ऑनलाइन' के अनुसार, उसे अलकायदा की पाकिस्तान शाखा के 313 ब्रिगेड के प्रमुख इलियास कश्मीरी का संदेश प्राप्त हुआ है, जिसके रिश्ते लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे आतंकवादी संगठनों से भी है।
यह संदेश पुणे में हुए बम धमाके के बाद प्राप्त हुआ है, जिसमें 10 लोग मारे गए।
मूलरूप से ऊर्दू के इस संदेश को अनूदित करके वेबसाइट ने लिखा है, "हम अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को चेतावनी देते हैं कि वे अपने खिलाड़ियों को भारत में होने वाले हॉकी विश्व कप, आईपीएल और राष्ट्रमंडल खेलों में शामिल होने के लिए न भेजें, अन्यथा गंभीर परिणाम के लिए खुद जिम्मेदार होंगे।"
पाकिस्तान में हरकत-उल-जिहादी इस्लामी के कमांडर कश्मीरी का अलकायदा के साथ नजदीकी रिश्ते हैं और यह भी माना जाता है कि 26/11 को हुए मुंबई आतंकी हमले में उसका बड़ा हाथ रहा है।
भारतीय जांच अधिकारियों का यह भी मानना है कि अमेरिका में बंद लश्कर के संदिग्ध आतंकवादी डेविड हेडली और तहव्वुर हुसैन राणा 313 ब्रिगेड को ही रिपोर्ट करते थे।
इस ई-मेल के मुताबिक, 313 ब्रिगेड के मुजाहिदीन पूरे भारत में तब तक लगातार हमले करने की कसम खा चुके हैं, जब तक भारतीय सेना कश्मीर को नहीं छोड़ देती।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications