उलेमा काउंसिल ने 20 फरवरी को लखनऊ में बुलाई रैली
आजमगढ़ में मंगलवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए उलेमा काउंसिल के संयोजक आमिर रशीद मदनी ने संवाददाताओं को बताया कि इस रैली में बाटला हाउस फर्जी मुठभेड़ की न्यायिक जांच कराकर निर्दोष युवकों को न्याय दिलाने एवं दोषी अधिकारियों को सजा दिलाने की मांग को एक बार फिर से हम पुरजोर तरीके से उठाएंगे।
मदनी ने कहा कि हम सरकार से यह पूछेंगे कि देश में कहीं कोई विस्फोट या आतंकी वारदात होती है, तो सबसे पहले आजमगढ़ का ही नाम क्यों लिया जाता है। उन्होंने जोर दिया कि आजमगढ़ के युवकों को लगातार साजिश के तहत निशाना बनाया जा रहा है।
इसके अलावा रैली में पिछड़ी जातियों को दिए जा रहे 27 फीसदी आरक्षण में से 9.4 फीसदी मुस्लिम पिछड़ी जातियों का कोटा अलग कराने एवं रंगनाथ मिश्रा कमेटी की रिपोर्ट लागू कराने की मांगें भी उठाई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि लखनऊ के विकास नगर स्थित मिनी स्टेडियम में बुलाई गई इस रैली में आजमगढ़ सहित पूर्वांचल के दूसरे जिलों से बसों और रेलगाड़ियों से लाखों की संख्या लोग लखनऊ पहुंचकर हिस्सा लेंगे।
उलेमा काउंसिल के पदाधिकारियों ने हाल ही में दिल्ली धमाकों के सिलसिले में उत्तर प्रदेश के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) द्वारा आजमगढ़ से गिरफ्तार किए गए शहजाद को निर्दोष बताया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications