विधानसभा स्थगित, पर तेलंगाना के टीडीपी विधायकों का प्रदर्शन जारी रहा
पार्टी के उप नेता एन. जर्नादन रेड्डी के नेतृत्व में तेलंगाना क्षेत्र के विधायक विधानसभा अध्यक्ष के आसन के सामने बैठे रहे हालांकि भारी शोरगुल के कारण विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी थी।
उधर, जर्नादन रेड्डी ने संवाददाताओं से कहा कि उन लोगों का विरोध प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक उस्मानिया विश्वविद्यालय में छात्रों के साथ हुई पुलिस ज्यादती पर सरकार बयान जारी नहीं करती और अलग तेलंगाना राज्य की मांग कर रहे छात्रों के खिलाफ लगाए गए मुकदमे वापस नहीं लिए जाते।
उन्होंने कहा कि विधानसभा में उन लोगों का विरोध प्रदर्शन बुधवार को भी जारी रहेगा।
इससे पहले, बजट सत्र के दूसरे दिन विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी। मंगलवार को सदन में कोई कामकाज नहीं हुआ।
मंगलवार सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होते ही तेलंगाना क्षेत्र के टीडीपी विधायकों ने उस्मानिया विश्वविद्यालय में छात्रों और पत्रकारों के ऊपर गोलीबारी और लाठीचार्ज का मामला उठाया।
आंध्र प्रदेश विधानसभा में कुल 294 सदस्य हैं, जिनमें 38 टीडीपी विधायक तेलंगाना क्षेत्र से आते हैं।
उल्लेखनीय है कि रविवार रात और सोमवार सुबह उस्मानिया विश्वविद्यालय में पुलिस की गोलीबारी और लाठीचार्ज में 40 से ज्यादा छात्र और पत्रकार जख्मी हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications