पोस्को के पुनर्वास प्रस्ताव को स्थानीय लोगों ने ठुकराया
भुवनेश्वर, 15 फरवरी (आईएएनएस)। पोस्को परियोजना को एक और झटका लगा है। पोस्को के 12 अरब डॉलर की लागत से तैयार होने वाले संयंत्र से विस्थापित होने वाले लोगों ने दक्षिण कोरियाई कंपनी द्वारा पेश पुनर्वास प्रस्ताव ठुकरा दिया है।
पोस्को विरोधी आंदोलन का नेतृत्व कर रही पोस्को प्रतिरोध समिति ने रविवार को पुनर्वास प्रस्ताव की प्रतियों को जलाया।
उड़ीसा के पारादीप जिले के बालीतुथा के समीप 26 जनवरी से विरोध प्रदर्शन कर रही समिति के नेता अभय साहू ने कहा, "पोस्को ने पुनर्वास प्रस्ताव से उन्हीें लोगों को धोखा दिया है जो उसका समर्थन कर रहे थे। हम पोस्को का समर्थन करने वालों से इलाके के प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान करते हैं।"
पोस्को परियोजना का समर्थन करने वाली संयुक्त कार्य समिति (यूएसी) ने भी पुनर्वास प्रस्ताव पर असंतोष प्रकट किया।
यूएसी के एक सदस्य तमिल प्रधान ने कहा, "हम उद्योग के खिलाफ नहीं है लेकिन कंपनी को स्थानीय लोगों की समस्याओं से बेहतर तरीके से निपटना चाहिए। पान उत्पादक किसानों को बेहतर मुआवजा मिलना चाहिए।"
उधर पोस्को अधिकारियों ने कहा कि पुनर्वास प्रस्ताव राज्य सरकार के प्रावधानों के अनुसार है और सभी पक्षों के लिए संतोषजनक होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications