अंबिका सोनी ने प्रसारण अभियांत्रिकी प्रदर्शनी का शुभारंभ किया
नई दिल्ली, 29 जनवरी (आईएएनएस)। केन्द्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी ने आज यहां 16वें अंतर्राष्ट्रीय बीईएस मेले-2010 का उद्घाटन किया। प्रसारण क्षेत्र में तकनीकी स्पष्ट रूप से विकास का मार्गदर्शक है, इस तथ्य का उल्लेख करते हुए सोनी ने प्रसारणकर्ताओं से इस नई प्रौद्योगिकी का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाने की अपील की।
सोनी ने कहा कि प्रसारण अभियंताओं को लोगों तक प्रौद्योगिकी के सर्वश्रेष्ठ विकल्प पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदर्शन अनुभव को सुधारने के लिए दूरदर्शन नेटवर्क के तकनीकी सुधार डिजिटलीकरण के प्रति वचनबद्घ है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रमंडल खेल 2010 के आधिकारिक प्रसारण के लिए दूरदर्शन एचडीटीवी का उपयोग करेगा जिससे बेहतर प्रसारण सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि दूरदर्शन, आकाशवाणी और केबल प्रसारण सेवाओं का डिजिटलीकरण मंत्रालय द्वारा पहचान किए गए क्षेत्रों में से एक प्रमुख क्षेत्र है।
सोनी ने कहा कि मोबाइल टेलीविजन के लिए उपयुक्त नीतिगत उपायों पर गंभीर विचार विमर्श किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूवरेत्तर राज्यों, जम्मू-कश्मीर और द्वीप क्षेत्रों में एफ एम रेडियो प्रारंभ करने और इस क्षेत्र में विविधता लाने के लिए नियामक ढांचे में उदारता एवं संचालन लागतों में कमी लाने के मद्देनजर सरकार शीघ्र ही एफ एम चरण-3 नीति को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में है। सोनी ने घोषणा की कि मंत्रालय अगले तीन वषरे में करीब 4000 सामुदायिक रेडियो केन्द्रों की स्थापना के प्रति आशान्वित है।
सर्वश्रेष्ठ प्रौद्योगिकी प्रेरकों के लिए वार्षिक बीईएस पुरस्कार प्रदान करते हुए अंबिका सोनी ने प्रसारण उद्योग से आह्वान किया कि वह न सिर्फ अर्थव्यवस्था के सांख्यिकीय आंकड़ों में अपितु समाज के स्वस्थ सामाजिक-आर्थिक विकास में भी सहयोग करें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications