दिल्ली से गुड़गांव तक मेट्रो का परीक्षण शुरू
डीएमआरसी के अधिकारियों के मुताबिक गुड़गांव से कुतुबमीनार तक का यह रूट मई के पहले सप्ताह में शुरू कर दिया जाएगा जबकि कुतुबमीनार से केंद्रीय सचिवालय रेलखण्ड पर जून में मेट्रो रेल का परिचालन शुरू किया जाएगा।
समारोह में मौजूद दिल्ली मेट्रो के प्रमुख ई. श्रीधरन ने कहा, " सामान्यतया मेट्रो ट्रेनों का संचालन परीक्षण के एक महीने बाद शुरू किया जाता है। हालांकि, इसके शुरू होने में चार महीने लगेंगे क्योंकि छतरपुर स्टेशन का निर्माण कार्य अभी चल रहा है।"
परीक्षण के दौरान मेट्रो रेल हूडा सिटी सेंटर से 7.3 किलोमीटर की दूरी तय कर दिल्ली-गुड़गांव सीमा पर स्थित गुरु द्रोणाचार्य मेट्रो स्टेशन तक पहुंची।
इस रेलखण्ड पर तीन स्टेशन सिकंदरपुर, एमजी रोड और इफको चौक बनाए गए हैं। दो स्टेशनों के बीच की अधिकतम दूरी 1.5 किलोमीटर रखी गई है। गुड़गांव मेट्रो रेलखण्ड पर निर्माण कार्य की शुरुआत दिसंबर 2006 में की गई थी।
डीएमआरसी के एक अधिकारी ने बताया, " कुतुबमीनार से गुड़गांव सीमा के बीच चार स्टेशन बनाए गए हैं जिनमें छतरपुर, सुल्तानपुर, घिटोरनी और अर्जनगढ़ शामिल हैं।"
डीएमआरसी ने केंद्रीय सचिवालय से हूडा सिटी सेंटर के बीच बनने वाले 19 स्टेशनों में से नौ स्टेशनों पर पार्किंग की सुविधा देने की योजना बनाई है।
मेट्रो अधिकारी ने बताया, "गुड़गांव में स्थित सभी पांचों स्टेशनों पर पार्किं ग की सुविधा होगी जबकि दिल्ली में छतरपुर, सुल्तानपुर, अर्जनगढ़, घिटोरनी और ग्रीन पार्क मेट्रो स्टेशन पर वाहनों की पार्किं ग की सुविधा मुहैया कराई जाएगी।"
डीएमआरसी ने इस रेलखण्ड के पूरा हो जाने के बाद 1.8 लाख यात्रियों के प्रतिदिन सफर करने की संभावना जताई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications