असम के स्थानीय चुनाव में भाग लेगा बातचीत समर्थक बोडो समूह
गुवाहाटी, 29 जनवरी (आईएएनएस)। प्रतिबंधित समूह नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड (एनडीएफबी) के बातचीत समर्थक धड़े ने शुक्रवार को असम में होने वाले आगामी स्थानीय निकाय चुनाव में भाग लेने की घोषणा की।
एनडीएफबी के बातचीत समर्थक धड़े के महासचिव गोविंद बसुमतारी ने पत्रकारों से कहा,"हम अपने उम्मीदवारों को मैदान में नहीं उतारेंगे, लेकिन जो उम्मीदवार या राजनीतिक पार्टियां अलग बोडोलैंड की मांग का समर्थन करेंगी, उनको हम समर्थन देंगे।"
चुनाव की तारीख अभी तय नहीं हुई है लेकिन उन्हें मार्च तक चुनाव होने की उम्मीद है।
असम के उत्तर में स्थित उदालगुड़ी में गुरुवार को हुई एनडीएफबी की आम परिषद की बैठक के बाद यह बयान जारी किया गया।
बसुमतारी की नेतृत्व वाले एनडीएफबी ने वर्ष 2005 में नई दिल्ली में संघर्ष विराम की घोषणा की था। हालांकि एनडीएफबी के एक अन्य समूह के नेता रंजन डैमरी अभी भी भूमिगत हैं।
एनडीएफबी में ही दो प्रतिद्वंद्वी समूह हैं। इनका प्रभाव असम के पश्चिम में बोडो बाहुल्य इलाके में हैं।
पिछले तीन सालों में विभिन्न संघर्षो के दौरान करीब 200 लोगों की जान जा चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications