पाकिस्तान दौरे पर जा सकते हैं चिदंबरम
नई दिल्ली, 29 जनवरी (आईएएनएस)। सरकार ने हालांकि केंद्रीय गृह मंत्री पी.चिदंबरम के इस्लामाबाद दौरे के बारे अभी कुछ तय नहीं किया है, लेकिन इस बात के संकेत मिल रहे हैं कि वह दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) के सदस्य देशों के गृह मंत्रियों के सम्मेलन में हिस्सा लेने पाकिस्तान जा सकते हैं।
एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने कहा, "सबसे पहले तो विदेश मंत्रालय के साथ राय मशविरा कर गृह मंत्री को इस बारे में अपना मन बनाना है। लेकिन इसके अलावा भी वह पाकिस्तान के खिलाफ कुछ सख्त बातचीत कर रहे हैं। यह सब कुछ वहां के लिए उपयोगी हो सकता है।"
ज्ञात हो कि मुंबई हमले के बाद से अभी तक किसी भी भारतीय मंत्री का पाकिस्तान दौरा नहीं हुआ है। अंतिम दौरा प्रणब मुखर्जी ने मई 2008 में किया था। वह उस समय विदेश मंत्री थे।
भारत द्वारा पाकिस्तान को दस्तावेजों के सात बंडल सौंपे जाने के बाद चिदंबरम की लगातार चिंता इस बात को लेकर रही हैं कि मुंबई हमले के आरोपियों को दंडित करने के लिए पाकिस्तान को अभी और बहुत कुछ करने की आवश्यकता है।
पाकिस्तानी जांचकर्ताओं द्वारा मुंबई हमले के सूत्रधार के रूप में जकी-उर रहमान लखवी का नाम लिए जाने के बाद चिदंबरम ने गुरुवार को कहा कि पाकिस्तान अभी भी अपने कदम पीछे खींच रहा है।
चिदंबरम ने कहा, "लखवी तो सूत्रधारों में से एक है। वहां और भी ऐसे सूत्रधार हैं। हम उनके नाम जानते हैं और हम समझते हैं कि पाकिस्तान भी उनके नाम जानता है। यदि वह अन्य सूत्रधारों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करता है तो मैं खेद के साथ यह समझूंगा कि वह अभी भी मामले से अपने पैर खींच रहा है।"
अधिकारियों ने कहा है कि चिदंबरम के पास दक्षेस सम्मेलन का निमंत्रण पहुंच गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications