कृष्णा ने किया कुरैशी पर पलटवार
दीपांकर डे सरकार
लंदन, 29 जनवरी (आईएएनएस)। विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा ने शुक्रवार को पाकिस्तानी विदेश मंत्री एस.एम.कुरैशी पर पलटवार करते हुए मांग की कि पाकिस्तान मुंबई हमले के लिए जिम्मेदार आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई करे। इसके पहले कुरैशी ने कहा था कि नई दिल्ली इस्लामाबाद के बारे में दोमुंही बातें बोल रहा है।
कृष्णा ने कहा, "मेरे मित्र कुरैशी ने जो कहा है, उस पर मैं कोई कठोर टिप्पणी नहीं करना चाहता। मैं फिर से सिर्फ यह बात दोहराना चाहूंगा कि भारत, पाकिस्तान के साथ मित्रवत व सहज रिश्ता चाहता है। मैं कुरैशी से कहना चाहूंगा कि इस रिश्ते को बहाल करने के लिए रास्ते में पड़े अवरोधों को साफ किया जाना चाहिए।"
कृष्णा ने आईएएनएस से कहा, "मुझे उम्मीद है कि पाकिस्तान मुंबई हमले की पूर्ण जांच के लिए सकारात्मक व स्पष्ट कदम उठाएगा और हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को सजा दिलाएगा। हम पाकिस्तान से बस इतनी ही कार्रवाई चाहते हैं। हम महसूस करते हैं कि पाकिस्तान की ओर से अभी यह कार्रवाई की जानी बाकी है।"
कृष्णा की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब कुरैशी ने इसके पहले लंदन में गुरुवार को अफगानिस्तान पर आयोजित एक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में भारतीय पत्रकारों से कहा था कि भारतीय राजनीति, खासतौर से विदेश मंत्रालय पाकिस्तान को लेकर भ्रमित और पाखंडी है।
आश्चर्यजनक रूप से गैर राजनयिक भाषा का इस्तेमाल करते हुए कुरैशी ने कृष्णा पर आरोप लगाया था कि उन्होंने कोई प्रस्ताव ही नहीं दिया है। इसके साथ ही कुरैशी ने कहा कि भारतीय विदेश मंत्रालय द्वारा अपनाया गया सार्वजनिक रुख कई मामलों में निजी रुख से भिन्न है। जबकि भारतीयों ने मुंबई हमले के बाद पाकिस्तान द्वारा किए गए सहयोग को अभूतपूर्व करार दिया है।
कृष्णा ने कुरैशी का दावा खारिज करते हुए कहा, "मुझे नहीं पता कि उनके ऐसा कहने का क्या मतलब है कि विदेश मंत्रालय दोमुंही भाषा बोलता है। मैं समझता हूं कि मंत्रालय की सोच और पाकिस्तान को लेकर उसके दृष्टिकोण में पूरी तरह एकरूपता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications