'फिर मिले सुर' में सचिन, कलाम गायब
दर्शकों ने इस वीडियो में ढेर सारे फिल्मी कलाकारों को शामिल करने तथा सचिन तेंदुलकर और पूर्व राष्ट्रपति ए.पी.जे.अब्दुल कलाम जैसी हस्तियों को न शामिल करने की आलोचना की है।
'फिर मिले सुर' शीर्षक वाले इस नए वीडियो में 16 मिनट के भीतर 68 हस्तियों के साथ 15 स्थलों के दर्शन होते हैं। इसमें चित्रित समुद्र तट, रेगिस्तान, मस्जिद-मंदिर और ऊंची पर्वत श्रृंखलाएं एक आधुनिक भारत का अहसास कराती हैं।
यह वीडियो यूट्यूब की साइट पर भी उपलब्ध है। दर्शकों ने मंगलवार को इस वीडियो के जारी हो जाने के बाद इस साइट को खूब देखा और अपनी प्रतिक्रियाएं भी दर्ज कराई हैं। तमाम लोगों का कहना है कि इसमें बॉलीवुड की हस्तियों का वर्चस्व है और सचिन तेंदुलकर और ए.पी.जे.अब्दुल कलाम जैसी हस्तियों को शामिल ही नहीं किया गया है।
वीडियो के जारी होने के तत्काल बाद संधु 2111 नाम से दर्ज एक संदेश में लिखा हुआ है, "मुझे यह बात समझ में नहीं आती कि बॉलीवुड के इतने सारे लोग उसमें क्या कर रहे हैं? यह तो ठीक इसी तरह है, जैसे भारत का मतलब सिर्फ बॉलीवुड ही है। बॉलीवुड के इन सभी 'खानों' को पुराने वीडियो की तरह एक फ्रेम में दिखाया जा सकता था। इसमें न तो कोई खेल की हस्ती शामिल है, न राजनीतिक हस्ती ही। ऐसे में लगता है जैसे यह कोई फिल्मी गीत है। अति निराशाजनक।"
एक अन्य व्यक्ति ने लिखा है, "वीडियो का पुराना संस्करण ज्यादा प्यारा था। इस वीडियो में बॉलीवुड ही छाया हुआ है। इसमें दीपिका पादुकोण की चिकनी टांगें तो दिखाई दे रही हैं, लेकिन सचिन तेंदुलकर और कलाम जी जैसी राष्ट्रीय हस्तियां गायब हैं।"
टिप्पणी में लिखा गया है, "आखिर दीपिका की टांगें हमारे भीतर राष्ट्रीय एकता की भावना कैसे जगा सकती हैं। इसमें तो अधिक से अधिक राष्ट्रीय नायकों को शामिल किया जाना चाहिए था, जो हमें गौरवान्वित करते। सचिन के शब्द दीपिका, करण जौहर और अभिषेक बच्चन से ज्यादा प्रभावोत्पादक होते।"
वाकई में इस वीडियो में शामिल फिल्मी कलाकारों के चेहरे अपच पैदा करते हैं। इसमें सिर्फ अमिताभ बच्चन ही नहीं हैं, बल्कि उनके बेटे अभिषेक, बहू ऐश्वर्य राय के अलावा शाहरुख खान, प्रियंका चोपड़ा, दीपिका पादुकोण, रणबीर कपूर, शाहिद कपूर, शिल्पा शेट्टी और जूही चावला को शामिल किया गया है।
ज्ञात हो कि उद्योगपति दंपति आरती और कैलाश सुरेंद्रनाथ ने 'फिर मिले सुर' वीडियो को निर्मित किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications