छात्र के आत्मदाह के बाद तेलंगाना बंद
उमर फ़ारूक़
बीबीसी संवाददाता, हैदराबाद से
आंध्र प्रदेश के उस्मानिया विश्वविद्यालय के एक छात्र के पृथक तेलंगाना की मांग को लेकर आत्मदाह करने के बाद तेलंगाना छात्र संघर्ष समिति ने बुधवार को बंद का आह्वान किया है.
इसका असर हैदराबाद सहित 10 ज़िलों में नज़र आ रहा है.
बंद को देखते हुए राज्य परिवहन ने अपनी चार हज़ार बसों का परिचालन बंद कर दिया है.
उस्मानिया विश्वविद्यालय के छात्र वेणुगोपाल रेड्डी ने मंगलवार को आत्मदाह कर लिया था.
उनके अलावा तेलंगाना इलाक़े के दो और लोगों ने भी इस मुद्दे को लेकर आत्महत्या कर ली थी.
तीखी प्रतिक्रिया
माना जा रहा है कि इन घटनाओं से एक बार फिर तेलंगाना आंदोलन भड़क सकता है.
इस बंद को तेलंगाना सर्वदलीय समिति ने भी समर्थन दिया है.
दूसरी ओर उस्मानिया विश्वविद्यालय के छात्र शव को लेकर धरने पर बैठें हैं, उनका कहना है कि जब तक सारे विधायक इस्तीफ़ा नहीं दे देते तब तक वेणुगोपाल राव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा.
मंगलवार को तेलंगाना राष्ट्र समिति के विधायकों ने स्पीकर किरण कुमार रेड्डी के सामने अपना इस्तीफ़ा स्वीकार करने के लिए प्रदर्शन किया.
तेलंगाना राष्ट्र समिति के नेता हरीश राव का दावा है कि पृथक तेलंगाना को लेकर अब तक कई लोगों ने आत्महत्या की है.
उनका कहना है कि पृथक तेलंगाना को लेकर केंद्र सरकार के कोई निर्णय न लेने से हताश होकर लोगों ने आत्महत्याएं की हैं.












Click it and Unblock the Notifications