कश्मीर में आतंकी हमले में 2 की मौत (राउंडअप)
एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि आतंकियों ने जुमे की विशेष नमाज के कुछ ही घंटे बाद अपराह्न् एक पुलिस थाने पर बम फेंका।
अधिकारी ने कहा, "ग्रेनेड पुलिस थाने की छत पर जा गिरा और उसके बाद लुढ़कते हुए वह मुख्य द्वार पर आकर फट गया।"
उन्होंने कहा, "ग्रेनेड विस्फोट में पास से गुजर रहा मोहम्मद लतीफ मिरचाल नामक एक कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हो गया।"
अधिकारी ने कहा, "ग्रेनेड हमले के 45 मिनट बाद जब इलाके के पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंचे तो आसपास छुपे आतंकवादियों ने सुरक्षाकर्मियों पर हमला बोल दिया। परिणामस्वरूप दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई। इस गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी और परवेज अहमद नामक एक नागरिक की मौत हो गई। चार पुलिसकर्मी और तीन नागरिक घायल हो गए।"
अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान के लिए इलाके को घेर लिया है। अधिकारी ने कहा, "सुरक्षा बलों को सतर्क कर दिया गया है और हमले के लिए जिम्मेदार आतंकवादियों की तलाश शुरू कर दी गई है।"
इस वर्ष के प्रारंभ से अब तक राज्य में छह हमले हो चुके हैं। यह सातवां हमला था। पिछले सप्ताह श्रीनगर के व्यस्त लाल चौक इलाके में एक आत्मघाती हमला हुआ था। 23 घंटे तक चले मुठभेड़ में दो आतंकी, एक नागरिक और एक पुलिस कर्मी मारे गए थे।
खुफिया एजेंसियों द्वारा पाकिस्तान से लगी सीमा से आतंकियों की संभावित घुसपैठ की दी गईं खबरों के मद्देनजर सुरक्षा बलों को सतर्क कर दिया गया है।
पिछले वर्ष के अंत में सरकार ने दावा किया था कि जम्मू एवं कश्मीर में हिंसा में कमी आई है। इसके मद्देनजर सरकार राज्य से सैनिकों को घटाने की योजना तैयार कर रही थी।
एक खुफिया अधिकारी ने श्रीनगर में कहा, "सुरक्षा एजेंसियों के पास सूचना है कि आतंकी हताश हो गए हैं, लिहाजा नए हमलों के लिए वे फिर से संगठित हो रहे हैं। सीमा पार से घुसपैठ हो रही है।"
केंद्रीय गृह मंत्री पी.चिदंबरम ने पिछले सप्ताह कहा था कि जम्मू एवं कश्मीर में सुरक्षा बलों को पूरी तरह सतर्क रहना चाहिए, क्योंकि राज्य में आतंकी हमले हो सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications